रोहिणी के सेक्टर-26 में मुठभेड़ के बाद बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार किए गए लॉरेंस बिश्नोई-काला जठेड़ी- सुबे गुर्जर गिरोह के चार गैंगस्टरों के कब्जे से बरामद बुलेट प्रूफ जैकेट व हैड गियर सेना के कर्नल से हरियाणा में खरीदे गए थे। गिरोह ने आधुनिक हथियार, बुलेट प्रूफ जैकेट व हैड गियर खरीदने के लिए मोटी रकम खर्च की थी।
दूसरी तरफ गिरोह ने हाल ही में कई जगह कॉल कर रंगदारी मांगी थी। नारायण इलाके में रंगदारी मांगने के लिए बदमाशों ने 35 राउंड गोलियां चलाई थीं। सरगना काला जठेड़ी वर्चुअल कॉल कर रंगदारी मांगता था।
स्पेशल सेल के एक अधिकारी ने बताया कि बदमाशों से जो सामान बरामद हुआ है उससे सवाल ये खड़ा हुआ है कि आखिर गिरोह सदस्यों ने बुलट प्रूफ जैकेट, हैड गियर व आधुनिक हथियारों का इंतजाम क्यों किया था। गिरोह के गैंगस्टरों को कोई युद्ध तो नहीं लड़ना था। बदमाश इस सामान को लेकर कोई बड़ी वारदात तो नहीं करने जा रहे थे।
पुलिस ने पूछताछ के लिए रविन्द्र व अमित को छह दिन और रोहित को दो दिन के रिमांड पर लिया है। बदमाशों ने बताया कि उन्होंने हरियाणा में एक कर्नल से ये सामान खरीदा था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बदमाश सही बता रहे हैं या पुलिस को गुमराह कर रहे हैं।
गिरोह के सदस्यों ने कुछ दिन पहले नजफगढ़ में एक करोड़ की रंगदारी मांगी थी। कुछ दिन पहले ही इन्होंने नरेला इलाके में ढाई करोड़ की रंगदारी मांगी थी। इन्होंने 21 सितंबर, 20 को नारायणा स्थित श्री बालाजी सुपर मार्केट के मालिक प्रदीप कुमार के भतीजे को पर्ची देकर रंगदारी मांगी थी। गिरोह के दो बदमाशों ने उनकी दुकान पर 35 राउंड गोलियां चलाई थीं। इससे पूरा इलाका दहल गया था।
एसीपी संजय दत्त की देखरेख में इंस्पेक्टर मानसिंह की टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के मित्राऊं गांव, नजफगढ़ निवासी सुनील उर्फ सोनू मित्राऊं, बसई, सेक्टर-9 गुरुग्राम निवासी अमित उर्फ कालू (26), भोरा खुर्द, मानेसर, गुरुग्राम निवासी रोहित उर्फ लांडा (23) और रविन्द्र यादव उर्फ सरकार (31) को गिरफ्तार किया था।
वर्चुअल कॉल से रंगदारी मांगता था
काला जठेड़ी वर्चुअल कॉल कर रंगदारी मांगता था। इसमें साफ्टवेयर का इस्तेमाल कर कॉल की जाती है। अगले व्यक्ति के मोबाइल पर विदेश का नंबर दिखाई देता है। वर्चुअल कॉल से आरोपी को पकड़ना बहुत ही कठिन है।