क्रिप्टो करेंसी दिलाने के नाम पर सोशल मीडिया पर देते थे विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पहले सौदे में डेढ़ लाख रुपये का नुकसान उठाकर जालसाजों ने एक व्यक्ति का भरोसा जीता और फिर दूसरे सौदे में 55 लाख रुपये ठग लिए। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों ओमप्रकाश शर्मा, अमन, रितिक चावला, गौरव राणा और सौरभ उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। ओमप्रकाश शर्मा फरीदाबाद, अमन रोहिणी, रितिक चावला गाजियाबाद, गौरव राणा मेरठ और सौरभ मुजफ्फरनगर का निवासी है।
पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि विशेष स्टाफ की टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में अपना नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, वारदात में इस्तेमाल वाहन और तीन लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पीड़ित इंस्टाग्राम पर आरोपियों के संपर्क में आया
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता इंस्टाग्राम पर कृष्णा अग्रवाल नाम के विज्ञापन के जरिये आरोपियों के संपर्क में आया था। आरोपियों ने शुरुआत में उसके डिजिटल बटुए में 10 क्रिप्टो करेंसी भेजी। फिर 3 अक्तूबर को 36 लाख रुपये के बदले 36 हजार क्रिप्टो करेंसी दी। इस सौदे में आरोपियों ने जानबूझकर डेढ़ लाख रुपये का घाटा उठाया, ताकि पीड़ित का भरोसा जीत सकें।
मुनाफे के लालच में आरोपियों के संपर्क में आया दोबारा
4 अक्तूबर को शिकायतकर्ता दोबारा क्रिप्टो करेंसी खरीदने के लिए 55 लाख रुपये लेकर अमर कॉलोनी में आरोपियों से मिला। आरोपियों ने उसके डिजिटल बटुए में 55 हजार क्रिप्टो करेंसी भेजी और नकदी ले ली। कुछ मिनट बाद उन्होंने बटुए का पहले से हासिल एक्सेस इस्तेमाल कर पूरी क्रिप्टो करेंसी निकाल ली और 55 लाख रुपये ठग लिए।
इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए करते थे संपर्क
जांच में पता चला कि आरोपी पहले इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देकर लोगों को फंसाते थे। फिर टेलीग्राम से हासिल सिम कार्ड और विदेशी व्हाट्सएप खातों के जरिये संपर्क करते थे। मुलाकात के दौरान पीड़ित के डिजिटल बटुए की जानकारी हासिल कर लेते थे और नकदी लेने के बाद उसमें से क्रिप्टो करेंसी निकाल लेते थे। पुलिस के अनुसार, रितिक चावला कृष्णा अग्रवाल नाम से शिकायतकर्ता से संपर्क करता और उसे निवेश के लिए लुभाता था। अमन ने टेलीग्राम से ओमप्रकाश के सिम कार्ड लेकर गौरव राणा तक पहुंचाए। गौरव राणा गिरोह का मास्टरमाइंड बताया गया है। सौरभ उर्फ छोटू नकदी लेने आया था और बाद में प्रशांत के साथ स्कूटी से भाग निकला। पुलिस ने वह स्कूटी भी बरामद कर ली है।