खाद्य और नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री इमरान हुसैन ने मंगलवार को राशन की सरकारी दुकानों का औचक निरीक्षण किया। मंत्री शालीमार बाग क्षेत्र में राशन की दुकान पर पहुंचे। हुसैन ने पांच में से तीन को ही खुला हुआ पाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग के अधिकारियों को दोषी एफपीएस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एक डीलर ने निरीक्षण के दौरान ही अपनी दुकान खोली थी जिसके बाद विभाग की टीम ने उस राशन दुकान के अभिलेखों को जांच के लिए जब्त कर लिया।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) 2013 के तहत लाभार्थियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मई 2021 के महीने के लिए मुफ्त में राशन की उपलब्धता व वितरण के लिए हुसैन ने शालीमार बाग क्षेत्र में राशन की दुकानों (एफपीएस) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शालीमार बाग की विधायक वंदना कुमारी, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी और निरीक्षक भी मौजूद थे।
खाद्य मंत्री ने डीलरों और लाभार्थियों को सामाजिक दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने की हिदायत दी। लाभार्थियों से बातचीत कर राशन संबंधित जानकारी भी जुटाई। राशन के निर्बाध वितरण को सुनिश्चित करने का मौके पर ही निर्देश दिया। खाद्य मंत्री ने चेतावनी दी कि वैसे सभी राशन डीलरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी जो नियमित रूप से दुकानें नहीं खोलते हैं। जमाखोरी, कालाबाजारी, राशन का कम वितरण, लाभार्थियों के साथ दुर्व्यवहार आदि अन्य कदाचार में लिप्त हैं।
हुसैन ने बताया कि राशन दुकानें सातों दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक बिना किसी साप्ताहिक अवकाश के खुली हैं। मई 2021 और जून 2021 के दो महीनों के लिए राशन कार्ड धारकों को दिए जा रहे खाद्यान्न के लिए उन्हें कुछ भी भुगतान नहीं करना है। हेल्पलाइन नंबर 1967 पर शिकायत व पोर्टल पर शिकायत और सुझाव की अपील की।
मंत्री ने यह भी कहा कि नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट व प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत एक बार में राशन नहीं मिलता है, तो दुबारा राशन दुकान पर प्राप्त किया जा सकेगा। इस निर्णय से लगभग 17,78,632 परिवारों के 72,77,995 लाभार्थियों को लाभ पहुंचेगा, जिसमें 2,81,006 लाभार्थियों वाले 68,732 अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) परिवारों को भी शामिल किया गया है।