नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दिल्ली-एनसीआर में कोकीन सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर घाना के नागरिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 136 ग्राम कोकीन, पांच मोबाइल फोन, डिजिटल वजन मशीन और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की थैलियां बरामद हुई हैं। गिरोह दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम के पब और बार में आने वाले युवाओं को कोकीन बेचता था।
पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि अपराध शाखा की टीम ने 26 मई को द्वारका सेक्टर-9 से हुकमुद्दीन को 106 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 17 अगस्त को हरियाणा के नूंह से जाबिद हुसैन और 18 अगस्त को मुश्ताक को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस 20 अक्तूबर को खानपुर के देवली एक्सटेंशन स्थित चार्ल्स ओवुसु उर्फ जॉनसन के किराये के मकान तक पहुंची। वहां से 30 ग्राम कोकीन बरामद हुई। घाना का नागरिक चार्ल्स 2023 में पर्यटक वीजा पर भारत आया था। पुलिस अब कोकीन के मुख्य स्रोत और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
हुकमुद्दीन ने पूछताछ में बताया कि वह कोकीन जाबिद हुसैन से खरीदता था। जाबिद ने मुश्ताक से कोकीन लेने की बात बताई। वहीं, मुश्ताक ने चार्ल्स ओवुसु उर्फ जॉनसन से कोकीन खरीदने का खुलासा किया। चार्ल्स ने बताया कि वह छतरपुर इलाके में रहने वाले डेविड नाम के एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक से कोकीन लेता था। पुलिस अब डेविड की तलाश कर रही है। मामले में आरोपियों के वित्तीय लेनदेन और कोकीन के आयातक का पता लगाने के लिए जांच जारी है।