वसंत कुंज साउथ इलाके में एक घर में की थी चोरी
36 घंटे में बदमाशों को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। वसंत कुंज साउथ इलाके में बदमाशों ने एक घर में चोरी की। वारदात को अंजाम देने के दौरान इस्तेमाल ईको वैन सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने ईको वैन की मदद से 36 घंटे के भीतर वारदात में शामिल चार चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से पुलिस ने एसी का दो एक्सटीरियर यूनिट, स्प्लिट एसी का एक इनर यूनिट, नौ लग्जरी घड़ियां, एक लैपटॉप, दो चेक बुक, चार ब्रांडेड सन ग्लास, ब्रांडेड जूते, बेल्ट और कॉस्मेटिक सामान, घर की सजावट का सामान और ईको वैन बरामद की है। दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि बदमाशों की पहचान सुधीर उर्फ बाबा, मंगल, साजन और पवन यादव के रूप में हुई है। 18 नवंबर कोे वसंत कुंज के पार्क लेन चर्च रोड पर स्थित एक घर में चोरी होने की शिकायत वसंत कुंज साउथ थाने को मिली। घर के केयर टेकर डी कुमार ने पुलिस को उन चीजों का ब्यौरा दिया, जिसे चोर चोरी करके ले गए थे। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने घर के आसपास लगे 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जिसमें पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम देने के लिए आए बदमाश ईको वैन से आए थे। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। सूचना मिली कि चोरी में शामिल बदमाश घिटोरनी फॉरेस्ट एरिया में मौजूद हैं। जहां पुलिस ने दबिश देकर ईको वैन समेत बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।