नई दिल्ली। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने बिजली के तार और मीटर चोरी करने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मास्टर माइंड कबाड़ी राजा मोहम्मद शामिल है। अन्य आरोपियों की पहचान फरदीन खान, शरीफ और आरिफ के रूप में हुई है। बदमाश कबाड़ी के इशारे पर वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से करीब 72 किलो चोरी के बिजली के तार और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना के मुताबिक, स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश जिले में चोरी और सेंधमारी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। इंस्पेक्टर विश्वेंद्र चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद चार आरोपियों को दबोच लिया। सभी आरोपी नरेला थाने में दर्ज चोरी के एक मामले में वांछित थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह रिहायशी सोसाइटियों और डीडीए फ्लैटों को निशाना बनाते थे। वहां से बिजली के तार, बिजली के मीटर और पानी के मीटर चोरी कर लेते थे। जांच में सामने आया कि गिरोह ने नरेला और नरेला औद्योगिक क्षेत्र में मार्च से अक्तूबर के बीच चोरी की 16 वारदात को अंजाम दिया था। ब्यूरो