चालक नशे में चला रहा था गाड़ी, आसपास मौजूद लोग भी आए चपेट में
जमानत पर छूटने के बाद से फरार है आरोपी, तलाश में संभावित ठिकानों पर छापे
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान चालक शाहिद अली और राजस्थान के रहने वाले सुरेश शर्मा की मौत हो गई। कार ने पहले ऑटो को टक्कर मारी और फिर बेकाबू होकर फुटपाथ पर चढ़ गई थी। इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी कार की चपेट में आ गए। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि हादसे के समय कार चालक शराब के नशे में था। आरोपी की पहचान कौशांबी निवासी वेदुरिया नाथ के रूप में हुई है। वह जमानत पर छूटने के बाद से फरार है। इधर पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से वाहन चलाने से हुई दुर्घटना के साथ साथ गैर इरादतन हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के अनुसार, हादसा मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे युधिष्ठिर सेतु पर हुआ। सूचना मिलते ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां फॉर्च्यूनर और ऑटो क्षतिग्रस्त हालत में मिले। शुरुआती जांच में पता चला कि फॉर्च्यूनर की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो पलट गया। इसके बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और फॉर्च्यूनर फुटपाथ पर चढ़ गई। ऑटो में चालक समेत तीन लोग सवार थे। फुटपाथ पर चढ़ने से आसपास के पांच लोग कार की चपेट में आकर घायल हो गए।
पहले जमानत, बाद में गैर इरादतन हत्या का केस
पुलिस ने पीसीआर वैन की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मौके पर ही पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया। उस समय किसी की मौत नहीं हुई थी, इसलिए पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जमानती धारा होने की वजह से उसे छोड़ दिया गया। बुधवार दोपहर बाद उपचार के दौरान दो घायलों की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा भी जोड़ दी।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हादसे में घायल अन्य लोगों की हालत स्थिर बताई गई है और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। जमानत पर छूटने के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापे मार रही है। साथ ही, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।