हाल ही में गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई से अलग होने वाले रोहित गोदारा का बताया जा रहा कॉल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के पूर्व अध्यक्ष रौनक खत्री ने सोमवार को दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी भरा कॉल आया है। कॉल को गैंगस्टर रोहित गोदारा का बताया गया है। रोहित हाल ही में गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई से अलग हुआ है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार एनएसयूआई नेता ने बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त को संबोधित अपनी शिकायत में कहा, उन्हें सोमवार दोपहर 12.44 बजे यूक्रेन के कंट्री कोड वाले नंबर से धमकी भरा कॉल आया। कॉल करने वाले ने रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े होने का दावा किया और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पूर्व डूसू अध्यक्ष खत्री ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा, कॉल के तुरंत बाद मुझे उसी नंबर से एक व्हाट्सएप संदेश भी मिला। उसमें मांग और जान से मारने की धमकी दोहराई गई है। पूर्व डूसू अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना न केवल गंभीर आपराधिक धमकी और जबरन वसूली का मामला है, बल्कि उनकी और उनके परिवार की व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं पैदा करती है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार छात्र नेता ने ईमेल के ज़रिए शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कॉल और व्हाट्सएप संदेश के स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर संलग्न किए गए हैं। उन्होंने पुलिस से तत्काल सुरक्षा प्रदान करने और आईपीसी व आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू करने का भी आग्रह किया। शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने कहा है कि हमें आज दोपहर 2.52 बजे ईमेल के ज़रिए रौनक खत्री से जबरन वसूली की शिकायत मिली है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।