दिल्ली मेट्रो नीट परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रविवार 13 सितंबर को सुबह 6 बजे से मेट्रो चलाएगी। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन छोड़कर अन्य लाइनों के नौ सेक्शन पर परीक्षार्थियों को यह सुविधा मिलेगी। वहीं मेट्रो प्रशासन शनिवार से अपनी सेवाओं के समय का विस्तार कर रहा है। अब सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक मिलेगी जबकि हर रविवार को मेट्रो सेवा सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
मेट्रो प्रशासन ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वह आम दिनों की तुलना में इस बार परीक्षा केंद्र पर जाने के लिए करीब तीस मिनट पहले निकले। डीएमआरसी ने कहा है कि भीड़भाड़ से बचने के लिए मेट्रो स्टेशनों के कुछ एक-दो गेट ही खोले जा रहे हैं।
छात्र-छात्राओं को स्टेशन पहुंचने से पहले मेट्रो की वेबसाइट पर एंट्री-एक्जिट गेट की जानकारी हासिल करने का सुझाव दिया गया है। साथ ही मास्क पहनकर मेट्रो स्टेशन पर पहुंचने और सामाजिक दूरी का पालन करने को कहा गया है।
अलग-अलग लाइनों के इन 9 सेक्शन पर मिलेगी सुविधा
- दिलशाद गार्डन से शहीद स्थल बस अड्डा
- जहांगीरपुरी से समयपुर बादली
- नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी
- मुडंका से ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेशन
- बदरपुर बॉर्डर से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) स्टेशन
- मजलिस पार्क से मयूर विहार पॉकेट-1
- त्रिलोकपुरी संजय लेक से शिव विहार
- जनकपुरी पश्चिम से बॉटेनिकल गार्डन
- द्वारका से नजफगढ़