नांगलोई के एक शख्स ने अपनी बेटी की शादी प्रीत विहार के बड़े गारमेंट कारोबारी के भतीजे से की। घर में उसकी बेटी से छोटा-मोटा काम कराया जाने लगा तो वह नाराज हो गया। उसने अपने दामाद के चाचा व चाचा के लड़के को जान से मारने की धमकी देकर पांच करोड़ की रंगदारी मांग ली। कारोबारी की शिकायत पर प्रीत विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की तो आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने कारोबारी के भतीजे की पत्नी के पिता व भाई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर रंगदारी मांगने की इस गुत्थी को सुलझा लिया है।
आरोपियों की पहचान मक्खन लाल जैन (60) उसके बेटे हिमांशु जैन (28) और बेटे के दोस्त संजीव कपूर उर्फ संजू (38) के रूप में हुई है। मक्खन के खिलाफ लूटपाट समेत कई मामले दर्ज हैं। वह नांगलोई थाने का घोषित बदमाश भी रहा है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोबाइल, सिमकार्ड व एक कार भी बरामद कर ली है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि 17 जून को प्रीत विहार निवासी गारमेंट कारोबारी संतोष अग्रवाल और उनके बेटे सौरभ के मोबाइल किसी ने कॉल कर जान से मारने की धमकी देकर पांच करोड़ की रंगदारी मांगी।