नई दिल्ली। रानी बाग इलाके के सैनिक विहार सब्जी मंडी में बृहस्पतिवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना में 40 दुकानें जल गईं। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल की दस गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से सब्जी की दुकानों में आग लगी। पुलिस मामला दर्ज कर आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 10.56 बजे सूचना मिली कि राशना बाग स्थित सैनिक विहार की सब्जी मंडी में आग लग गई है। सब्जी मंडी में शेड डालकर करीब 60 दुकानें बनी हुई हैं। मंडी में अंदर की ओर से आग लगी। कुछ लोगों ने दावा किया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी। शुरुआत में लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने 40 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के कुछ वीडियो भी वायरल हुए जिसमें कुछ लोग बाल्टियों से पानी डालते हुए दिखे। दोपहर करीब 12.20 बजे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।