नई दिल्ली। विवेक विहार के ज्वाला नगर में शनिवार देर रात एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद घर में आग लग गई, जिससे दम घुटने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अवनीश यादव (38) के रूप में हुई है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, अवनीश परिवार के साथ ज्वाला नगर की गौतम गली में रहता था। परिवार में पिता श्रीपाल यादव, मां, पत्नी परिनिधि और बेटा लक्षित है। इनका दो मंजिला मकान है, जहां ग्राउंड फ्लोर पर अवनीश आटे की चक्की चलाता था। पहली मंजिल पर माता-पिता रहते हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर अवनीश रहता था। शनिवार को अवनीश की बुआ शाहदरा से आई हुई थी। रात को खाना खाने के बाद माता-पिता पहली मंजिल पर सो गए, जबकि बुआ, पत्नी और बेटा छत पर सोने चले गए। इस बीच देर रात करीब 2 अचानक दूसरी मंजिल पर एसी से शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक लोगों को पता चला, तब तक आग ने दूसरी मंजिल को चपेट में ले लिया था।
शोर-शराबे के बीच पहली मंजिल पर मौजूद श्रीपाल और उसकी पत्नी ने नीचे आकर जान बचाई। छत पर मौजूद अवनीश की पत्नी परिनिधि, बेटे व बुआ ने पड़ोसी के मकान में जाकर जान बचाई। लोगों ने पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की नौ गाड़ियां पहुंच गईं। रात 3.20 बजे आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मी घर के अंदर पहुंचे तो कमरे में अवनीश अचेत मिला। वह मामूली रूप से झुलसा था। जीटीबी अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों का कहना था कि दम घुटने से अवनीश की मौत हुई।
खुशियों की जगह छाया मातम
शनिवार को अवनीश के पिता श्रीपाल का जन्मदिन था। शाम को घर में पार्टी हुई थी। शाहदरा से अवनीश की बुआ व श्रीपाल के कुछ करीबी दोस्त भी पार्टी में शामिल हुए थे। देर तक जश्न मनाने के बाद बुआ रात को घर में रुक गई थी, लेकिन हादसे में अवनीश की मौत के बाद घर में मातम का माहौल है।