मोहल्ला क्लीनिक में लगी आग, युवक जिंदा जला
नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के दरियागंज स्थित मोहल्ला क्लीनिक में रविवार देर रात आग लग गई। सूचना पर पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के बाद क्लीनिक से युवक का जला शव बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शिनाख्त का प्रयास कर रही है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि शव फुटपाथ पर सोने वाले किसी युवक का हो सकता है। पुलिस ने फिलहाल लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने बताया कि रविवार देररात करीब 12.00 बजे सूचना मिली कि दिल्ली गेट के पास आसफ अली रोड पर एमटीएनएल बिल्डिंग के नजदीक बने मोहल्ला क्लीनिक में आग लग गई है। आग पर काबू पाने के बाद वहां एक युवक का शव मिला। छानबीन के दौरान पता चला कि आसपास रहने वाले कुछ बेघर लोग खिड़की के रास्ते क्लीनिक में घुसकर रात को वहीं सो जाते हैं। आशंका है कि रात को भी कोई ऐसे ही मोहल्ला क्लीनिक में घुसा होगा। उसने बीड़ी-सिगरेट सुलगाई होगी, जिससे आग लगने की आशंका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी किए जा रहे हैं।