देर रात पहाड़गंज में एक्सपोर्ट कंपनी में आग लगने के बाद तैनात पुलिसकर्मी ने बुझाई आग।
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। पहाड़गंज इलाके में गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से कई मजदूरों की जान बच गई। पुलिसकर्मियों ने एक एक्सपोर्ट कंपनी के कार्यालय से धुआं निकलता देख ईंट और पत्थर से उसका ताला तोड़कर खोल लिया। इसके बाद एक होटल से आग बुझाने वाला उपकरण लाकर उन्होंने अग्नि पर काबू पा लिया। घटना के समय कार्यालय के ऊपर बने कमरे में कई मजदूर सो रहे थे। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, पहाड़गंज थाने में तैनात एएसआई सुशील त्यागी और हवलदार मनोज कुमार इलाके में गश्त कर रहे थे। रात करीब दो बजे वे गली नंबर 10 में पहुंचे तो एक्सपोर्ट कंपनी के कार्यालय से धुआं निकलते देखा। दुकान बंद थी, लेकिन इसकी ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में मजदूर सो रहे थे। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए ईंट और पत्थर से दुकान का ताला तोड़ दिया और पास के होटल से आग बुझाने वाला उपकरण लाकर आग पर काबू पा लिया। शोर-शराबा होने पर ऊपर के कमरे में सो रहे मजदूर भी नीचे आ गए। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।