नई दिल्ली। मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर जूता बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय फैक्टरी में कई कर्मचारी काम कर रहे थे। हालांकि, सभी ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही दमकल की 17 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। देर रात तक दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग के अनुसार, दोपहर करीब 1:10 बजे फेज-2 स्थित ए-76 नंबर फैक्टरी में आग की सूचना मिली थी। शुरुआत में छह गाड़ियां भेजी गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने अभियान का स्तर बढ़ाया। पहले अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं और बाद में इनकी संख्या बढ़ाकर 17 कर दी गई। राहत की बात रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। गौरतलब है कि 30 अक्तूबर को इसी औद्योगिक क्षेत्र की एक जूता फैक्टरी में आग लगने से चार मजदूरों की मौत हो गई थी। संवाद