दिल्ली के डाबड़ी इलाके में मंगलवार शाम हमलावरों ने एक फाइनेंसर को गोली मार दी। हमलावरों ने उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर फरार हो गए। घायल फाइनेंसर को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की शिनाख्त विजय एंक्लेव निवासी चमन(26) के रूप में हुई है। उसका कार्यालय ड्रेन रोड से चाणक्य प्लेस में जाने वाली सड़क पर है। मंगलवार को करीब साढ़े चार बजे वह कार्यालय के बाहर सड़क के किनारे कुर्सी लगाकर बैठा था।
इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उसे गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आस पास के लोग वहां पहुंचे। हमलावर चमन पर चाकू से हमला कर रहे थे। हमलावर ने उसपर करीब चाकू से 15 वार किए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवा में पिस्टल लहराते हुए वहां से फरार हो गए। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चमन को पास के अस्पताल में पहुंचाया। जहां कुछ देर के उपचार के बाद उसकी मौत हो गई।