नई दिल्ली। जहांगीरपुरी में देर रात गली में वाहनों में तोड़फोड़ कर रहे युवकों को रोकना पिता-पुत्र को भारी पड़ गया। चार-पांच की संख्या में आए हमलावरों ने बेटे की पिटाई कर दी, वहीं पिता पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने उनके बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पवन अपने पिता राम किशोर और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जहांगीरपुरी में रहते हैं। पिता-पुत्र साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाते हैं। जहांगीरपुरी थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में पवन ने बताया कि रविवार देर रात दोनों पिता-पुत्र बाजार से अपने वाहन से घर पहुंचे। वह वाहन को साइड में लगा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि चार-पांच युवक उनकी गली में खड़े लोगों के वाहनों में तोड़फोड़ कर रहे हैं। यह देखकर दोनों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। उनकी बात सुनकर सभी हमलावर उनके पास आ गए और उनकी गाड़ी पर पथराव करने लगे। किसी तरह से दोनों ने हमलावरों को वहां से भगा दिया। पवन का आरोप है कि कुछ देर बाद सभी आरोपी वापस आए। उनके हाथ में चाकू थे। उन लोगों ने पवन की पिटाई कर दी, जबकि पिता पर चाकू से हमला कर दिया। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि पीड़ित पवन के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। ब्यूरो