नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने हथिनी कुंड बैराज से उत्तर प्रदेश के किसानों के हिस्से का पानी यमुना में डायवर्ट कर दिया है। इसके पीछे छठ पर्व के दौरान दिल्ली में यमुना के प्रदूषण को कम दिखाने की मंशा है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो साझा कर भाजपा की साफ यमुना की मुहिम को झूठा प्रचार करार दिया। भारद्वाज ने कहा कि यमुना के प्रदूषित होने पर भाजपा की सरकारें डर गई हैं और वह छठ पर्व से पहले यमुना का पानी साफ दिखाने के लिए हद पार कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की ईस्टर्न कैनाल का पूरा पानी रोक कर उसे यमुना में डाल दिया है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा का झूठ अब बेनकाब हो चुका है। भाजपा ने पिछले 10-11 सालों से पूर्वांचलियों को छठ पूजा के नाम पर छलने का काम किया है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि भाजपा की सरकारें केवल प्रचार और फोटोशूट के लिए काम कर रही हैं। कैनाल सूखी पड़ी है, किसान परेशान हैं, लेकिन यमुना में दिखावा जारी है। ब्यूरो