अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक चाणक्यपुरी में बैंड डिस्प्ले, परेड और रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान डीआईजी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर 9बीएन/आरपीएसएफ के दिवंगत पूर्व हेड कांस्टेबल सुबे सिंह के परिवार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
जून के प्रत्येक-रविवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक चाणक्यपुरी में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत कर्तव्य के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान डीआईजी और कोऑर्ड-रेलवे बोर्ड सचिन अशोक भालोडे ने स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। बैंड डिस्प्ले के दौरान ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति हुई। इसके बाद औपचारिक बैंड डिस्प्ले, परेड और रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन हुआ, जिसने शहीदों के प्रति राष्ट्र के सम्मान, कृतज्ञता और स्मृति को दर्शाया।