संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
शाहदरा विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बदहाल और गड्ढों से भरे स्वामी अमर देव मार्ग का अब कायाकल्प होने जा रहा है। झिलमिल, शाहदरा, भोलानाथ नगर और विश्वास नगर को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। करीब 94 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
यह मार्ग क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और आवासीय इलाकों को जोड़ता है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन लोगों को जाम, धूल और दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ता था। स्थानीय निवासी लंबे समय से इसके पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक, बाजार क्षेत्र में कारोबार प्रभावित न हो, इसलिए निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा। सड़क के अलग-अलग हिस्सों में काम होगा, जिससे व्यापारियों और राहगीरों को कम से कम परेशानी हो। परियोजना को पूरा करने में करीब एक से डेढ़ माह का समय लग सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सीवर, पानी या अन्य भूमिगत कनेक्शन से संबंधित कार्य कराना है तो वह जल्द पूरा करा लें, ताकि नई सड़क बनने के बाद उसे दोबारा न खोदना पड़े। मुख्यमंत्री विकास कोष से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत दिलाएगी।