न्यू अशोक नगर इलाके में पारिवारिक दोस्त ने दंपती से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दे डाला। आरोपियों ने रुपयों की जरूरत होने के बहाने नोएडा स्थित अपना एक फ्लैट बेचने की बात की। दंपती आरोपी के झांसे में आ गए। दोनों ने पेशगी के तौर पर आरोपी दंपती को डेढ़ करोड़ थमा दिये। पेपर नाम कराने की बात आई तो आरोपी दंपती फ्लैट पर विवाद होने की बात कर रुपये वापस करने के लिए कहने लगा। दो चेक भी दिए गए जो बाउंस हो गए। अब पीड़ित परिवार ने पुलिस से मदद मांगी तो न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहनाज खान नामक महिला परिवार के साथ वसुंधरा एंक्लेव, न्यू अशोक नगर इलाके में रहती हैं। पिछले करीब 10 सालों से इनके परिवार के ओमप्रकाश नागपाल नामक शख्स के परिवार से मिलना-जुलना था। जरूरत पड़ने पर दोनों एक दूसरे की मदद भी किया करते थे। जुलाई 2018 में ओम प्रकाश ने रुपयों की जरूरत होने की बात कर अपना फ्लैट ढाई करोड़ में बेचने की इच्छा जताई।
शहनाज और उनका परिवार ओम प्रकाश के फ्लैट को लेने के लिए तैयार हो गया। विश्वास कर परिवार ने ओम प्रकाश को डेढ़ करोड़ रुपये दे दिए। एग्रीमेंट भी बन गया। पेपर नाम करने का समय आया तो ओमप्रकाश इधर-उधर की बातें करने लगा। उसने सौदा कैंसल करने की बात कर हर्जाने के 25 लाख रुपये देने का वादा किया। आरोपी ने दो चेक दिए। चेक बैंक में डालने के लिए जनवरी 2020 का समय मांगा गया। लेकिन बाद में चेक डालने पर वह बाउंस हो गए।