नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शैक्षणिक सत्र 2020-21 में यूजी, पीजी, एमफिल, पीएचडी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए रविवार से प्रवेश परीक्षाओं की शुरुआत हो गई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से आयोजित परीक्षा में कुछ छात्रों ने केंद्र दूर होने के कारण शामिल नहीं हो पाने की शिकायत की। तीन पालियों में होने वाली इस परीक्षा के लिए देशभर के 24 शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। रविवार को दिल्ली में 80 केंद्रों पर परीक्षा हुई। प्रवेश परीक्षा 11 सितंबर तक चलेगी।
यूजी के 9 व पीजी, एमफिल-पीएचडी के सभी कोर्सेज के लिए लगभग 2.5 लाख विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। तीन पालियों में सुबह 8 बजे से 10 बजे, दोपहर 12 बजे से दो बजे व शाम चार बजे से छह बजे तक आयोजित परीक्षा में सुबह की पाली में छात्रों को सेंटर पहुंचने में दिक्कत हुई। जिनकी परीक्षा 8 बजे से शुरू होनी थी, उन्हें 6.30 बजे रिपोर्ट करना था। वहीं केंद्र दूर होने के कारण काफी लंबी यात्रा करनी पड़ी। रोहिणी में रहने वाले एक छात्र की शिकायत रही कि उनका सेंटर गुरुग्राम में रखा गया है। इस कारण उसे पहुंचने में दिक्कत हुई। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में रहने वाले एक छात्र का सेंटर भी गुरुग्राम में था, उसे भी पहुंचने में परेशानी थी, इसलिए वह शामिल नहीं हो सका। छात्रों का कहना था कि केंद्र दूर होने के कारण अभिभावकों ने भी जाने की मनाही की। वहीं राजस्थान से परीक्षा देने आए छात्रों को भी केंद्रों पर पहुंचने में काफी दिक्कत आई। कश्मीर की एक छात्रा का केंद्र दिल्ली में आवंटित हुआ। उन्होंने दो सितंबर को इसे बदलने के लिए डीयू और एनटीए की ओर से दिए गए ईमेल पर आग्रह भेजा। लेकिन जवाब नहीं मिला। कश्मीर से दिल्ली आना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था, इस कारण से वह परीक्षा नहीं दे र्पाइं। यूपी के भी कुछ छात्रों का केंद्र दिल्ली में दिया गया है। ऐसे में उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण वह परीक्षा देने कैसे पहुंचेंगे।
वर्जन-
जिन छात्रों ने परीक्षा केंद्र बदलने के लिए ईमेल भेजा था, उनके केंद्र बदले भी गए हैं। छात्रों की सहूलियत को देखते हुए एक से दो सितंबर तक जितनी शिकायतें आई, उनका समाधान किया गया है। जहां तक बात परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की है, तो प्रवेश पत्र लेकर आवंटित केंद्रों तक जाने वाले छात्रों को कहीं भी रोका नहीं जा रहा है। भले ही वे कंटेंनमेंट जोन से ही क्यों न आ रहे हों। - प्रो. शोभा बगई, डीयू दाखिला शाखा डीन