नई दिल्ली। हरिनगर इलाके में शादी समारोह में शामिल होने आई एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। गाड़ी में बैठने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक द्वारका सेक्टर-7 निवासी ललिता बजाज (62) निजी कंपनी से सेवानिवृत हैं। हरिनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने बताया, 13 नवंबर की रात वह अपने पति के साथ दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के पास एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थीं। समारोह के बाद वह सड़क पर कार का इंतजार कर रही थीं। कार के आने के बाद जैसे वह उसमें बैठने लगी, बाइक सवार दो युवक गलत दिशा से वहां पहुंचे और उनके गले से 20 ग्राम की सोने की चेन झपटकर भाग गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बेरी वाला बाग की ओर भाग गए।