शाहबाद डेयरी इलाके की घटना, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में पार्क से टहल कर सड़क पार कर रहे 66 साल के बुजुर्ग कारोबारी को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए। करीब आधे घंटे के बाद वहां से गुजर रहे एक परिचित ने घायल अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी।
बुजुर्ग को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में हादसे को अंजाम देने वाली होंडा अमेज कार का पता चला है। पुलिस कार मालिक से पूछताछ कर कार्रवाई कर रही है। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 23 अक्तूबर को सरोज अस्पताल से सड़क हादसे में एक बुजुर्ग के घायल होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां देखा कि रोहिणी सेक्टर 11 के रहने वाले 64 साल के राकेश अरोड़ा का इलाज चल रहा है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां कोई चश्मदीद नहीं मिला। छानबीन में पता चला कि सड़क पार कर रहे थे, तभी अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार को एक नाबालिग लड़की चला रही थी, जो घटना के बाद कार समेत वहां से भाग गई।
राकेश अरोड़ा पत्नी के साथ रोहिणी सेक्टर 11 में पहली मंजिल पर रहते थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। वह परिवार के साथ पटेल नगर में रहती है। राकेश अरोड़ा का संजय गांधी ट्रांसपोर्ट इलाके में ट्रांसपोर्ट का कारोबार था। राकेश अरोड़ा के दोस्त विनोद गर्ग ने बताया कि घटना के बाद वह करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़े रहे। किसी ने उनकी मदद नहीं की।