नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने शनिवार देर शाम शैक्षणिक सत्र 2020-21 में अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिले के लिए पहली कटऑफ जारी कर दी। डीयू की कटऑफ ने पांच साल बाद फिर शतक लगाया है। सभी कॉलेजों को पीछे छोड़ते हुुए लेडी श्रीराम कॉलेज ने अनारक्षित वर्ग के लिए इकोनॉमिक्स ऑनर्स, पॉलिटिकल साइंस ऑनर्स, व साइकोलॉजी ऑनर्स की कटऑफ 100 फीसदी रखी है। इससे पहले वर्ष 2014 और 2015 में कट ऑफ ने 100 फीसदी का आंकड़ा छुआ था।
कटऑफ में ह्यूमैनिटीज के कोर्सेज बीकॉम व साइंस पर भारी पड़े हैं। इकोनॉमिक्स, पॉलिटिकल साइंस और अंग्रेजी कोर्सेेज में भी कटऑफ 99 फीसदी तक गई है। डीयू की पहली कटऑफ में बीते सत्र के मुकाबले में एक से डेढ़ फीसदी तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। बीते सत्र में सबसे ज्यादा कटऑफ जीसस एंड मैरी कॉलेज ने बीए ऑनर्स साइकोलॉजी और हिंदू कॉलेज ने बीए ऑनर्स पॉलिटिकल साइंस में (दोनों में 99 फीसदी) जारी की थी। इस बार यूजी कोर्सेज में आवेदन के लिए अधिक समय मिलने के कारण रिकॉर्ड आवेदन आए थे, इस कारण से कट ऑफ ने भी रिकॉर्ड तोड़ा है।
लेडी श्रीराम कॉलेज ने अनारक्षित वर्ग के लिए बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स में 100 फीसदी कटऑफ निकाली है, जबकि ओबीसी के लिए यह 99.75 फीसदी, एससी/एसटी के लिए 99.50 फीसदी, पीडब्ल्यूडी के लिए 99 फीसदी, ईडब्लयूएस के लिए 99.75 और कश्मीरी विस्थापितों के लिए 99 फीसदी रखी गई है। वहीं बीए ऑनर्स जर्नलिज्म के लिए 99.50 और अंग्रेजी के लिए 99 फीसदी रखी है। कॉलेज ने ऐसी कटऑफ निकाल कर सबको हैरान कर दिया है।
वहीं हिंदू कॉलेज ने बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स में अनारक्षित वर्ग के लिए 99.25 प्रतिशत और बीए ऑनर्स पॉलिटिकल साइंस में 99.50 प्रतिशत कटऑफ निकाली है। नॉर्थ कैंपस के किरोड़ीमल कॉलेज ने भी बीए ऑनर्स राजनीतिक शास्त्र की कट ऑफ अनारक्षित वर्ग के लिए 99 प्रतिशत निकाली है। इसी तरह मिरांडा हाउस ने इकोनॉमिक्स ऑनर्स और पॉलिटिकल साइंस की कटऑफ 99 फीसदी जारी की है। रामजस कॉलेज ने भी हिंदू , किरोड़ीमल और मिरांडा की तरह पॉलिटिकल साइंस की कटऑफ 99 फीसदी निकाली है।
बीकॉम ऑनर्स की सर्वाधिक कटऑफ एसआरसीसी की है। कॉलेज की बीकॉम ऑनर्स की कटऑफ 99.50 है वहीं इकोनॉमिक्स ऑनर्स के लिए कटऑफ 99 फीसदी है। हंसराज कॉलेज ने बीकॉम ऑनर्स की कटऑफ 99.25 फीसदी निकाली है। वहीं विज्ञान वर्ग में सबसे ऊंची कटऑफ हिंदू कॉलेज ने बीएससी ऑनर्स फिजिक्स में जारी की है, जो 99.33 फीसदी है। कॉलेज ने बीएससी ऑनर्स कंप्यूटर साइंस में 98.33 प्रतिशत और बीसएससी ऑनर्स मैथ्स में 99 प्रतिशत की कटऑफ जारी की है।
2015 में इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वूमेंस के कंप्यूटर साइंस ऑनर्स में थी 100 फीसदी कटऑफ
डीयू में इससे पहले वर्ष 2015 में 100 फीसदी की कटऑफ थी। जब इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वूमेंस और कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडी ने कंप्यूटर साइंस ऑनर्स की कटऑफ 100 फीसदी जारी की थी। वहीं वर्ष 2014 मेें भी एआरएसडी कॉलेज ने बीएससी ऑनर्स कंप्यूटर साइंस में 100 फीसदी कटऑफ जारी की थी।