दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2021-22 में स्नातकोत्तर (पीजी), एमफिल, पीएचडी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की रेस सोमवार शाम पांच बजे शुरू हो गई। दाखिले के लिए सोमवार को दाखिला पोर्टल लांच कर दिया गया। पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के आधे घंटे के भीतर ही देश-विदेश से लगभग 4,727 हिट हुए।
दाखिला पोर्टल (
https://admission.uod.ac.in/) के माध्यम से विभिन्न कोर्सेज में आवेदन किया जा सकता है। इन पाठ्यक्रमों में आवेदन 21 अगस्त तक किया जा सकता है। बीते साल की तरह इस बार भी दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। दाखिले से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर जारी किए गए इंर्फोमेशन बुलेटिन से प्राप्त की जा सकती है।
डीयू प्रशासन ने पंजीकरण करने से पूर्व इंर्फोमेशन बुलेटिन को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। एंट्रेस आधारित कोर्सेेज के लिए सामान्य-ओबीसी श्रेणी में 750 रुपये का भुगतान कर आवेदन कर सकते हैं। जबकि एससी-एसटी व पीडब्ल्यूडी आवेदकों को आवेदन शुल्क के रूप में 300 रुपये का भुगतान करना होगा।
डीयू दाखिला डीन प्रो राजीव गुप्ता ने बताया कि पीजी के 133 कोर्सेज व एमफिल-पीएचडी के लिए आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत शाम पांच बजे हो गई। महज आधे घंटे के भीतर ही 4,727 हिट प्राप्त हुए।
इनमें से मोबाइल से 75.6 फीसदी ने पोर्टल पर हिट किया। 23.6 फीसदी ने कंप्यूटर के माध्यम से और 0.8 ने टैबलेट के माध्यम से हिट किया। सबसे अधिक हिट दिल्ली-एनसीआर, गुवाहाटी, मुंबई, शिलांग व मणिपुर से प्राप्त हुए। इतने कम समय में पोर्टल पर 8,700 लॉग इन किए गए। जबकि 14,903 ने पंजीकरण पेज को देखा। शाम होते-होते काफी आवेदकों ने पोर्टल पर अपलोड भी करना शुुरू कर दिया।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय एंट्रेस टेस्ट (डीयूईटी) आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक प्रोग्राम में दाखिले के लिए विद्यार्थियों को अलग से आवेदन करना होगा। दाखिले में आवेदकों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए विभागों के अनुसार नोडल ऑफिसर की सूची भी जारी की गई है। डीयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दाखिला सूची बाद में जारी की जाएगी।