मासूम के पिता ने दर्ज कराई शिकायत
परिजनों ने किसी तरह कुत्ते से मासूम को छुड़ाया। बाद में उसे फौरन एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया। वहां पता चला कि मासूम के एक हाथ की हड्डी बुरी तरह चकनाचूर हो गई है। बाद में परिजनों ने एक निजी अस्पताल में सोमवार को मासूम का ऑपरेशन करवाया। परिजनों का आरोप है कि शिकायत करने पर उल्टा कुत्ते का मालिक उनको ही धमकाने लगा। गीता कालोनी थाना पुलिस ने मासूम के पिता जहीरुद्दीन खान (39) की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीाटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है। मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घर के बाहर खेल रहा था मासूम, तभी डॉगी ने कर दिया हमला
पुलिस के मुताबिक, जहीरुद्दीन परिवार के साथ सरोजनी पार्क, शास्त्री नगर, गीता कालेनी इलाके में रहते हैं। इनके परिवार में पत्नी, 10 साल की बेटी के अलावा पांच साल का बेटा मुहिब खान है। जहीरुद्दीन का जूतों का कारोबार है। शनिवार शाम करीब 7.30 बजे मासूम अपने घर के भीतर खेल रहा था। इस बीच पड़ोसी यशपाल का कुत्ता अचानक उनके घर में घुस गया। कुत्ते ने मासूम मुहिब पर हमला कर दिया। हाथ में कई जगह काटने के बाद कुत्ते ने उसका हाथ कोहनी से पकड़ लिया। मासूम चिल्लाया तो परिवार उसे बचाने के लिए दौड़ा। कुत्ते को डंडे से मारकर मासूम को उससे छुड़ाया गया।
घायल मासूम को अस्पताल में किया गया भर्ती
हमले के दौरान कुत्ता मासूम के हाथ को बुरी तरह झकझोर रहा था, जिससे उसके हाथ की हड्डी टूट गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय यशपाल का भतीजा सुनील कुत्ते को घुमा रहा था। वह दुकान पर कुछ सामान लेने लगा और कुत्ता उनके घर में घुस गया। परिवार ने सुनील से शिकायत की तो वह उल्टा परिवार को धमकाने लगा। बाद में परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद जहीरुद्दीन का बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है।