दिल्ली के अधिकतर अस्पतालों में शुक्रवार को डॉक्टरों ने काला रिबन बांधकर काम किया। सभी डॉक्टरों को ड्यूटी के बाद क्वारंटीन की सुविधा नहीं देने के केंद्र के आदेश के विरोध में यह सांकेतिक प्रदर्शन किया जा रहा है।
फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन इंडिया के अध्यक्ष शिवाजी देव वर्मन ने बताया कि एलएनजेपी, आरएमएल और लेडी हार्डिंग अस्पताल समेत दिल्ली के अधिकतर अस्पतालों में डॉक्टर काला रिबन बांध कर काम कर रहे हैं। वर्मन ने कहा कि आदेश वापस नहीं होने तक विरोध जारी रहेगा।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने डॉक्टरों को होटल खाली करने को कहा था। इसके बाद अस्पताल में हंगामा हुआ था। विरोध बढ़ता देख अस्पताल प्रशासन ने फैसले पर रोक लगाकर डॉक्टरों को अगले सात दिन तक होटल में ही रहने को कहा था। एलएनजेपी अस्पताल में करीब 100 डॉक्टर और 200 पैरामेडिकल स्टाफ कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे हैं।