इस साल सर्दियों में भी राजधानी दिल्ली के अंदर मच्छरों का प्रकोप जारी रहा। बीते साल दिल्ली में डेंगू ने पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया और इस साल जनवरी के पहले दो हफ्तों में ही डेंगू के 15 ने मामले सामने आ चुके हैं।
सोमवार को जारी दक्षिण दिल्ली नगर निगम की रिपोर्ट के अनुसार 1 जनवरी से 15 जनवरी के बीच दिल्ली में कुल 15 लोग डेंगू की चपेट में आए। जबकि बीते तीन वर्षों में जनवरी महीने में डेंगू के एक भी मामले नहीं दर्ज किए गए थे, जबकि 2017 में एक और 2018 में तीन मामले दर्ज किए गए थे।
आमतौर पर जुलाई और नवंबर के बीच मच्छर जनित बीमारियों के मामले अधिक दर्ज किए जाते हैं, लेकिन दिल्ली में अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर के बाद अब जनवरी में भी मच्छरों का प्रकोप जारी है। पिछले साल दिल्ली में डेंगू के कुल 9,613 मामले आए।
राष्ट्रीय राजधानी में 2015 के बाद से एक साल में वेक्टर जनित बीमारी के यह सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए और इस बीच 23 मौतें भी दर्ज की गईं। रिपोर्ट के अनुसार 2021 से पहले के वर्षों में डेंगू के कुल मामले 4431 (2016), 4726 (2017), 2798 (2018), 2036 (2019) और 1072 (2020) दर्ज किए गए थे।