पुरानी दिल्ली स्टेशन महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने का सांसद ने दिया सुझाव
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी रेलवे स्टेशन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम महाराजा अग्रसेन रेलवे स्टेशन रखने का आग्रह किया है। उन्होंने इस पहल को राष्ट्रीय गौरव और दिल्लीवासियों की भावना से जुड़ा कदम बताया।
खंडेलवाल ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन देश का सबसे प्रमुख और व्यस्ततम स्टेशन है, उसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेता के नाम पर रखा जाना राष्ट्र की राजधानी में उनके योगदान को अमर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक प्रतीक बनेगा। उन्होंने पत्र में लिखा कि वाजपेयी का जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास के लिए समर्पित रहा है। सांसद खंडेलवाल ने कहा कि जिस प्रकार मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और बेंगलुरु के क्रांतिवीर संगोली रायन्ना स्टेशन जैसे नामकरण ऐतिहासिक महापुरुषों के सम्मान में किए गए हैं, उसी तर्ज पर दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों को भी ऐतिहासिक और प्रेरणास्पद नाम दिए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहले ही पुरानी दिल्ली स्टेशन का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने का समर्थन कर चुकी हैं। वे स्वयं इस विषय को संसद के आगामी सत्र में उठाएंगे।