नई दिल्ली। विधानसभा के मानसून सत्र में भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मरवाह ने स्कूलों में हनुमान चालीसा का पाठ अनिवार्य करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हर सुबह प्रार्थना के समय हनुमान चालीसा का पाठ कराया जाना चाहिए जिससे बच्चों में आत्मबल और मानसिक ऊर्जा का संचार होगा।
मरवाह ने तर्क दिया कि हनुमान चालीसा एक आध्यात्मिक और प्रेरणादायक पाठ है जो न केवल बच्चों को संस्कार देता है बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और साहस भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि जब देश के कई हिस्सों में योग, ध्यान और नैतिक शिक्षा को स्कूली दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा रहा है तब दिल्ली में भी धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ाव जरूरी है। इस विषय पर उन्होंने शिक्षा मंत्री आशीष सूद का ध्यान आकृष्ट किया और सरकार से ठोस कदम उठाने की अपील की। ब्यूरो