किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का सरकार पर हमला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने दिल्ली को कृषि राज्य का दर्जा देने की मांग उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रति उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को भी भेजी गई।
डॉ. नरेश कुमार ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के करीब 197 गांवों में लगभग 52 हजार हेक्टेयर भूमि पर खेती होती है लेकिन किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। किसानों को मजबूरी में हरियाणा और उत्तर प्रदेश से महंगे दामों पर कृषि सामग्री खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल प्रचार और समितियां बनाने तक सीमित है, जबकि जमीन पर कोई ठोस काम नहीं किया गया।
डॉ. नरेश कुमार ने मंत्री प्रवेश वर्मा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली देहात से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने किसानों और ग्रामीण इलाकों की समस्याओं पर चुप्पी साध रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादे सत्ता में आने के बाद भुला दिए गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कृषि शिक्षा से जुड़े बीएससी एग्रीकल्चर, डेयरी टेक्नोलॉजी और वेटनरी जैसे पाठ्यक्रमों के कॉलेज नहीं हैं। दूसरे राज्यों में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए चल रही स्पॉन्सरशिप योजना भी बंद कर दी गई है, जिसे तुरंत बहाल किया जाना चाहिए।