दक्षिण कोरिया की हाईटेक ग्रीन तकनीक से दिल्ली की हवा साफ होगी। इसको लेकर सोमवार को सचिवालय में पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा की दक्षिण कोरिया एनवायरमेंटल इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई। फैसला हुआ कि दिल्ली को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए दक्षिण कोरिया की मदद से हाइड्रोजन एनर्जी तैयार करने के लिए नए प्रोजेक्ट शुरू होगा।
मंजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, दिल्ली सरकार प्रदूषण कम करने, सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने और पर्यावरण के अनुकूल ढांचा तैयार करने पर काम कर रही है। दक्षिण कोरिया की अत्याधुनिक तकनीक दिल्ली की हवा साफ करने में मदद करेगी। दक्षिण कोरिया एनवायरमेंटल इंडस्ट्री एसोसिएशन ने हाइड्रोजन एनर्जी, कचरा रीसाइक्लिंग, प्रदूषण नियंत्रण और डिजिटल पर्यावरण प्रबंधन की तकनीकों का प्रदर्शन किया। उन्होंने दिल्ली सरकार के साथ पायलट प्रोजेक्ट और तकनीकी सहयोग की इच्छा जताई। सिरसा ने कोरिया एनवायरमेंटल इंडस्ट्री एसोसिएशन के रिसर्च और नॉलेज शेयरिंग के मॉडल की तारीफ की, उन्होंने कहा कि ये दिल्ली के ग्रीन गवर्नेंस प्लान से मेल खाता है।
दिल्ली के ग्रीन एक्शन प्लान का सहयोग करेगा दक्षिण कोरिया
बैठक में भविष्य में कोरिया-भारत एनवायरमेंटल इनोवेशन फोरम आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा हुई, जो कोरियाई तकनीक, भारतीय निकायों और वैश्विक विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा। दक्षिण कोरिया एनवायरमेंटल इंडस्ट्री एसोसिएशन ने दिल्ली की इलेक्ट्रिक वाहन नीति, ई-वेस्ट प्रबंधन और निर्माण स्थलों पर एंटी-स्मॉग गन के इस्तेमाल की सराहना की। उन्होंने दिल्ली के ग्रीन एक्शन प्लान में लंबे समय तक सहयोग का वादा किया।