लेकिन मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में तो ले लिया, लेकिन अब पुलिस के पास उसके खिलाफ कहने को कुछ नहीं है। उसका अभी तक न तो कोई आपराधिक प्रोफाइल मिला है और न ही हिंसा के दौरान किसी व्यक्ति को चोट लगने की बात अभी तक सामने आई है। हिंसा के लिए उसे उकसाया गया था या वह किसी गैंग से जुड़ा था, इसके भी किसी तरह के सबूत सामने नहीं आए हैं।
शक्ल-सूरत से स्मार्ट दिखने वाले शाहरुख की पसंद-नापसंद आज के किसी भी सामान्य युवा जैसी दिखती है। जिम जाकर बॉडी बनाना, लंबे बाल रखना और टिक-टॉक वीडियो बनाकर अपने करीबियों के बीच लोकप्रिय होना आज के किसी भी युवा की पसंद हो सकता है। शाहरुख भी उन्हीं युवाओं में से एक था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आज के युवा गलत संगत में आकर 'टशन' दिखाने के लिए अपने पास अवैध पिस्टल रख लेते हैं, जबकि उनकी आपराधिक प्रवृत्ति नहीं होती है, शाहरुख के साथ भी ठीक यही हुआ है।
सोशल मीडिया पर विलेन बनने के पहले शाहरुख अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाला एक सामान्य युवक था। उसकी मोजे की एक फैक्ट्री है, जहां विभिन्न प्रकार के मोजे बनाए जाते हैं।
यहीं काम करने वाले बिहार के एक मजदूर से उसने मुंगेर से अपने लिए पिस्टल मंगवाई थी। फिलहाल, दिल्ली पुलिस को अभी तक वह पिस्टल बरामद नहीं हो सकी है और उसकी बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक उसकी फोटो मीडिया में वायरल होने के बाद वह काफी डर गया था और उसके बाद से ही दिल्ली से भागने की कोशिश कर रहा था। घटना वाले दिन वह अपनी एस्टीम कार से भागकर इधर-उधर छिपता रहा। रात में दिल्ली के कनाट प्लेस में एक पार्किंग में सोया।
इसके बाद वह जालंधर भागने की फिराक में था, जहां उसका व्यापारिक संबंध था। लेकिन बाद में वह बरेली होते हुए शामली पहुंचा जहां से मंगलवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे एक बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।
जाफराबाद इलाके में आम आदमी पार्टी के नेता ताहिर हुसैन के घर से हिंसा किए जाने के काफी वीडियो सबूत सामने आए थे। उसे दिल्ली दंगों का बड़ा किरदार बताया जा रहा है। लेकिन दिल्ली पुलिस अभी तक शाहरुख खान से ताहिर हुसैन का कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं कर पाई है।
अगर पूछताछ के दौरान उसके ताहिर हुसैन से कोई संबंध सामने आते हैं, तो इससे दिल्ली हिंसा की कई अनुसुलझी कड़ियां खुल सकती हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस उसे बुधवार सुबह अदालत में पेश करेगी और रिमांड की मांग करेगी।