दिल्ली विश्वविद्यालय बीते सप्ताह करीब दो साल बाद खुल गया है। कॉलेज खुलने के साथ ही कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी बढ़ने लगी है। अभी भी दूसरे राज्यों के अधिकतर छात्र कैंपस नहीं पहुंच सके हैं। इसके लिए कुछ कॉलेज लाइव क्लास शुरू करने की योजना बना रहे हैं ताकि पढ़ाई का नुकसान नहीं हो। इसके लिए कॉलेज गूगल मीट का सहारा लेंगे।
विद्यार्थियों की संख्या में इजाफा होने के कारण सामाजिक दूरी का पालन कराना चुनौती है। कॉलेज प्रिंसिपल कहते हैं कि परिसर में एक-दूसरे से दूरी बनाए रखना काफी मुश्किल है। पूरी तरह से कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने की कोशिश की जा रही है। लक्ष्मीबाई कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रत्युष वत्सला ने बताया कि कॉलेज खुलते ही बड़ी संख्या में छात्र कक्षाओं में आ रहे हैं। लेकिन बाहरी राज्यों के अधिकतर छात्र कॉलेज नहीं आ रहे। ऐसे बच्चे कक्षाओं को हाईब्रिड मोड में चाह रहे हैं। इसमें नेटवर्किंग समस्या आ सकती है। लिहाजा छात्र हित को जरूरी समझते हुए गूगल मीट से कक्षाओं को लाइव करने की योजना बना रहे हैं।
महाराजा अग्रसेन कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजीव तिवारी ने बताया कि पहले दिन ही उनके यहां छात्रों की उपस्थिति 70 फीसदी थी। अब कॉलेज खुले एक सप्ताह होने जा रहा है और उपस्थिति बढ़ती जा रही है। राजधानी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजेश गिरी ने बताया कि अब उपस्थिति बढ़ी है और पूरी तरह सेे कक्षाएं हो रही हैं।