बेगमपुर इलाके में मंगलवार दोपहर बालकनी पर खड़े एक युवक को करंट लग गया। करंट लगे देख उसका भाई बचाने का प्रयास करने लगा, लेकिन वह भी करंट के चपेट में आकर घायल हो गया। दोनों भाईयों को घायल अवस्था में पुलिस ने पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों भाईयों को मृत घोषित कर दिया। करंट का झटका लगने से युवक का साला भी मामूली रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
मृत भाईयों की पहचान गोविंद (25) और देविंद (22) के रूप में हुई है। दोनों भाई बेगमपुर के जैन नगर गली नंबर छह में परिवार के साथ रहते थे और राज मिस्त्री का काम करते थे। देविंद अविवाहित था और गोविंद की शादी हो चुकी थी और उसके दो बच्चे हैं। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे गोविंद अपने मकान के बालकनी पर खड़ा था। वह मकान के सामने गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। यह देखकर देविंद उसे बचाने के लिए पहुंचा। लेकिन वह भी तार से चिपक गया। जबकि यह देखकर गोविंद का साला भी वहां पहुंचा, जिसे बिजली का तेज झटका लगा।
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आस पास के काफी लोग वहां जमा हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली कंपनी को सूचित कर बिजली कटवाई। पुलिस ने लोगों की भीड़ को वहां से हटाकर दोनों भाईयों को पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।