एमसीडी चुनाव में प्रचार को धार देने के लिए भाजपा रविवार को 100 दिग्गज नेताओं और एक लाख कार्यकर्ताओं का उतारेगी। इसकी अगुवाई राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। इस दौरान सभी बूथों पर घर-घर जनसंपर्क अभियान किया जाएगा। पार्टी ने करीब एक करोड़ मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति बनाई है।
एमसीडी में भाजपा हर हाल में वापसी की मुहिम में जुटी है। बीते रविवार की तरह इस बार भी पार्टी ने आक्रामक प्रचार की रणनीति तैयार की है। इसमें अपने सभी दिग्गज नेताओं, अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और पदाधिकारी चुनाव मैदान में होंगे। शनिवार को भी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समेत कई नेता रोड शो करके जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। ये सभी नेता रविवार को भी जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनेंगे।
प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि पिछले 15 साल से निगम में विषम परिस्थितियों के बावजूद अभूतपूर्व कार्य एमसीडी ने किया है। घर से लेकर लैंडफिल साइट तक तक का कूड़ा खत्म करने का काम किया है और कंपैक्टर मशीन के प्रयोग से निस्तारण किया है। भाजपा के एक लाख कार्यकर्ता हर बूथ में घर-घर जाएंगे और सभी को निगम की और केंद्र की मोदी सरकार के कार्यों की जानकारी देते हुए पत्र सौपेंगे। महा जनसंपर्क अभियान सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक चलेगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में जनसंपर्क अभियान में भाजपा के लगभग 100 से अधिक सांसद एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। अभियान में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
आप नेता आम से हुए खास
भाजपा प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार के दस साल पूरे हो गए हैं। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा की आम आदमी पार्टी के जीवन के पहले दस साल झूठ, भ्रमात्मक प्रचार व भ्रष्टाचार भरे रहे हैं। आप के नेताओं का खूब आर्थिक विकास इस दौरान हुआ और वे आम से खास बन गए। दस साल तक अन्ना हजारे को धोखा देने के साथ ही प्रशांत भूषण, कुमार विश्वास, आशुतोष, किरण बेदी, शाजिया से छल किया गया। बस खरीद, जल बोर्ड, स्कूल रूम निर्माण, शराब पॉलिसी, श्रमिक मदद, बिजली सब्सिडी सभी मसलों में भ्रष्टाचार किया गया। भ्रमात्मक प्रचार के दस साल आम आदमी पार्टी ने पूरे किए हैं।
कांग्रेस ने सत्ता में आने पर डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने का दिया आश्वासन
प्रदेश कांग्रेस ने एमसीडी की सत्ता में आने पर डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने का आश्वासन दिया है। कांग्रेस समाज के निचले स्तर के नागरिक, गरीब, मजदूर व दलित वर्ग की सुध लेगी और बच्चों के लिए डे-बोर्डिंग स्कूल बनाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार ने कांग्रेस के विजन की तीसरी कड़ी में शनिवार को शिक्षा विजन की घोषणा की। इसमें शिक्षा के अधिकार के तहत बेहतर शिक्षा व्यवस्था वाली एमसीडी बनाने का खाका पेश किया गया। इस मौके पर अनिल कुमार ने कहा कि कांग्रेस एक संकल्प के साथ शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन लाकर क्रांति लाएगी। दिल्ली वालों का दिल जीता है, दिल्ली भी जीतेंगे और मानसिक तनाव मुक्त दिल्ली, शीला दीक्षित वाली दिल्ली, मेरी चमकती दिल्ली के संकल्प को पूरा किया जाएगा।
छात्रों को व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित किया जाएगा। पढ़ाई के साथ खेल के महत्व, तनावमुक्त दिल्ली, बाल मजदूरी मुक्त दिल्ली, गरीब अमीर मुक्त दिल्ली, डिजिटल डिवाइड मुक्त दिल्ली बनाकर हर गरीब के बच्चे लिए शिक्षा के स्तर में सुधार किया जाएगा। मजदूरों, गरीबों के बच्चों को वरीयता दी जाएगी।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भाजपा को दिया समर्थन
दिल्ली के सिख समुदाय में अपना पैठ रखने वाली दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भाजपा को समर्थन दिया है। कमेटी ने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने बताया कि बैठकर में यह तय किया गया कि भाजपा को जिताने के लिए मिलकर काम करेंगे।
भाजपा से लगातार सहयोग मिलता रहा है। श्री करतारपुर साहिब का दर्शन करना हर सिख की चाहत होती है। इस कॉरिडोर को खुलवाने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। अफगानिस्तान में जब सिखों पर संकट आया तो भाजपा ने ही राहत पहुंचाई। गुरुतेग बहादुर साहिब का प्रकाश पर्व 350 सालों के बाद मनाया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा से ही सिखों के लिए विशेष प्रेम का भाव रखते हैं। भाजपा के साथ सिखों का संबंध भी बहुत ही आत्मीय रहा है।
नड्डा किसी भी चौराहे पर जाएं, जनता गिनवाएगी केजरीवाल के काम : सिसोदिया
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली के किसी भी चौराहे पर जाएं, जनता खुद ही उन्हें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काम गिनवाएगी। जनता एमसीडी में भाजपा के 15 साल के कुशासन से परेशान है।र अब एमसीडी में भी केजरीवाल की सरकार बनाने का मन बना लिया है।
सिसोदिया ने दावा किया कि बुधवार को आरके पुरम, महरौली और छतरपुर के नौ वार्डों में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में आयोजित जनसंवाद को दौरान उमड़ी भीड़ इसका परिणाम है।
सिसोदिया ने जेपी नड्डा के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने एक सभा में कहा था कि सिसोदिया अपने कार्यकाल के कोई दो काम गिनवा दें। उन्होंने कहा कि केजरीवाल या सिसोदिया को अपने काम गिनवाने की जरूरत नहीं है।
जेपी नड्डा दिल्ली के किसी भी चौराहे पर चले जाएं तो जनता उन्हें खुद ही अरविंद केजरीवाल के काम बता देगी और ये भी बताएगी कि भाजपा पिछले 15 सालों में एमसीडी में काम कराने में पूरी तरह फिसड्डी साबित हुई है। यह बेहद दुख कि बात है कि देश की राजधानी को भाजपा ने अपने नाकामी की वजह से कूड़ामय कर दिया है। दिल्ली की गलियों, सड़कों पर कूड़े का अंबार है।
शहर को देखकर ऐसा लगता ही नहीं कि यहां नगर निगम जैसी कोई अथॉरिटी है। इस बार नगर निगम को ठीक करने की जिम्मेदारी दिल्ली की जनता की है, जो अपने वोट के दम पर एमसीडी में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएगी और जो काम भाजपा से पिछले 15 सालों में नहीं हुआ उसे मात्र 5 साल में करके दिखाएगी।