एमसीडी के 250 वार्डों के चुनाव में नौ दलों ने प्रचार के मामले में अपने उम्मीदवारों को उनके हाल पर ही छोड़ दिया है। ये नौ दल अपने उम्मीदवारों के प्रचार को धार देने के लिए स्टार प्रचारक मैदान में नहीं उतार रहे हैं। इन दलों ने दिल्ली राज्य चुनाव आयोग के पास स्टार प्रचारकों की सूची नहीं भेजी है। एमसीडी चुनाव में भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस समेत 13 दलों ने एक-दूसरे को मात देने के लिए उम्मीदवार उतारे हैं। हालांकि दिल्ली चुनाव आयोग को स्टार प्रचारकों की सूची केवल भाजपा, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल ने ही दी है।
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग को भाजपा व कांग्रेस ने 40-40 स्टार प्रचारकों के नाम दिए हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने 30 स्टार प्रचारकों की सूची जमा कराई है। इन तीनों दलों ने स्टार प्रचारकों की सूची में अपने तमाम बड़े नेताओं के नाम शामिल किए हैं। इससे साबित हो रहा है कि ये तीनों दल एमसीडी चुनाव को काफी गंभीरता से ले रहे हैं, वहीं राष्ट्रीय लोकदल ने मात्र तीन स्टार प्रचारकों के नामों की सूची चुनाव आयोग को दी है। उसके ये तीनों स्टार प्रचारक प्रदेश स्तर के नेता हैं।
एमसीडी चुनाव में भाजपा, आप व कांग्रेस के बाद बसपा ने ही 100 से अधिक उम्मीदवारों को टिकट दिया है, लेकिन उसके बड़े नेता अपने उम्मीदवारों के प्रचार को धार देने के लिए दिल्ली नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा उसके प्रदेश स्तर के नेता भी उम्मीदवारों की मदद के लिए सभाएं नहीं करने वाले हैं, क्योंकि बसपा की ओर से स्टार प्रचारकों की सूची तैयार नहीं की गई।
महाराष्ट्र में मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभा रही एनसीपी भी अपने उम्मीदवारों का हौसला बढ़ाने के लिए स्टार प्रचारकों की सभाएं नहीं करा रही है। इसी तरह बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (यू) भी स्टार प्रचारक मैदान में नहीं उतार रहा है। हालांकि उसके बिहार के एक बड़े नेता लगातार संवाददाता सम्मेलन करके पार्टी की ओर मतदाताओं को आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। इन दोनों दलों ने भी स्टार प्रचारक की सूची जारी नहीं की है।
कांग्रेस ने भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के खिलाफ आयोग को दी शिकायत
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के सदर बाजार मंडल के भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के खिलाफ राज्य चुनाव आयोग को शिकायत दी है। आरोप लगाया है कि भाजपा प्रत्याशी को धन, बल के बलबूते चुनाव जीतने की बात कहते दिख रहे हैं। राज्य चुनाव आयुक्त ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। प्रतिनिधिमंडल में अनिल कुमार के साथ दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री हारुन युसूफ, पूर्व संसदीय सचिव अनिल भारद्वाज, पूर्व विधायक विजय लोचव और सुनील कुमार शामिल थे।
भाजपा के कई नेताओं ने थामा आप का दामन
दिल्ली प्रदेश भाजपा के कई नेताओं ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इन नेताओं में प्रदेश भाजपा के किसान मोर्चा के प्रवक्ता योगेंद्र उपाध्याय, भाजपा में विभिन्न पदों पर रह चुके दिल्ली हाईकोर्ट के अधिवक्ता अतुल कुमार पांडेय, जिला मंत्री सुनीता सिंह व मंडल उपाध्यक्ष अनीता शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने टोपी और पटका पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि देश की राजनीति बदल रही है और देशहित के लिए कार्य करने की चाहत रखने वाले लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
चुनाव आयोग से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
प्रदेश भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में राज्य चुनाव आयोग से मिला। मुलाकात के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी विजय देव को ज्ञापन सौंपकर आम आदमी पार्टी के नेताओं से मिल रही धमकियों से अवगत कराया। ज्ञापन में वार्ड नंबर 196 में हुई घटना का जिक्र किया गया, जिसमें बताया कि भाजपा प्रत्याशी पर हमला किया गया।मुलाकात के बाद विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी देवेंद्र कुमार द्वारा आरडब्ल्यूए अध्यक्ष से मारपीट की गई, इससे चुनाव आयोग को अवगत कराया गया। बताया गया कि इससे भय का वातावरण बन गया है जो निष्पक्ष चुनाव कराने में आचार संहिता का उल्लंघन है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, विधि एवं न्यायिक समिति के संयोजक नीरज और प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह-संयोजक संकेत गुप्ता भी शामिल थे।
आज से प्रचार तेज करेगी आप
एमसीडी चुनाव में भाजपा से दो-दो हाथ करने के लिए आम आदमी पार्टी बुधवार से ‘’केजरीवाल की सरकार, केजरीवाल का पार्षद’’ थीम के साथ अपने प्रचार का दूसरा चरण शुरू करेगी। इस दौरान आप 1000 नुक्कड़ सभाओं, डांस फॉर डेमोक्रेसी, नुक्कड़ नाटक, गिटार शो, मैजिक शो आदि गतिविधियों के माध्यम से प्रचार तेज करेगी। यह जानकारी मंगलवार को आप के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने दी।
गोपाल राय ने बताया कि 1000 नुक्कड़ सभाएं वार्डों के अलग-अलग चौराहों पर की जाएगी, इसे पार्टी के सभी स्टार प्रचारक व विधायक संबोधित करेंगे। आप बुधवार को 45 नुक्कड़ सभाएं करेगी, जबकि बृहस्पतिवार को 65 वार्डों में नुक्कड़ सभाएं होंगी और शुक्रवार को 120 नुक्कड़ सभाएं की जाएंगी। यह सिलसिला दो दिसंबर को प्रचार बंद होने से पहले तक चलता रहेगा।
इसके अलावा अलग-अलग बज कैंपेन के लिए भी टीमें उतारी जाएंगी। डांस फॉर डेमोक्रेसी की टीम कल्चरल इवेंट के माध्यम से लोगों को संदेश देगी। वह अलग-अलग वार्डों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से केजरीवाल की सरकार और केजरीवाल का पार्षद बनने पर होने वाले फायदे के संदेश देगी। वहीं गिटार शो, मैजिक शो के माध्यम से संदेश दिया जाएगा कि एमसीडी में भी काम चाहिए तो केजरीवाल का पार्षद चाहिए।
दूसरी ओर उन्होंने दावा किया कि जनसंवाद, पदयात्रा व डोर-टू-डोर में भारी जन समर्थन मिल रहा है। इससे साबित हो रहा है कि इस बार एमसीडी में भी अरविंद केजरीवाल की सरकार आने जा रही है। इस कारण अगले चरण की थीम के माध्यम से सभी वार्डों में लोगों से आग्रह किया जाएगा कि सभी वार्डों में पार्षद भी अरविंद केजरीवाल का ही बनाएं।