एक दिन पहले आई तेज आंधी और बारिश की वजह से खुशनुमा हुआ मौसम शनिवार को फिर शुष्क हो गया। दिन भर कड़ी धूप की वजह से लोगों का गर्मी से बुरा हाल रहा। शाम को मौसम ने करवट लेना शुरू किया, लेकिन तेज हवाओं की वजह से बिन बरसे ही बदरा चले गए। अगले 24 घंटों में दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है।
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 39.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार कम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 4.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि, शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक किसी भी इलाके में बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई है। बारिश की वजह से हवा में नमी का अधिकतम स्तर 82 फीसदी और न्यूनतम स्तर 40 फीसदी तक दर्ज किया गया है।
दिल्ली के पालम इलाके में अधिकतम तापमान 37.6, लोदी रोड में 38.2, आया नगर में 37.4, गुरुग्राम में 37, जफरपुर में 40.7, नजफगढ़ में 40.7 व पीतमपुरा में 40.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में दिल्ली- एनसीआर में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। हालांकि, दिन में तेज धूप के कारण लोगों का बुरा हाल रहेगा। अधिक गर्मी की वजह से अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
एक दिन पहले एकाएक मौसम के करवट लेने के साथ दिल्ली में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गई थी। इस वजह से 60 से भी अधिक जगहों पर पेड़ और मलबा गिरने के मामले सामने आए थे।