लाल किला परिसर में एक कौवे की बर्ड फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसको देखते हुए लाल किले को आगामी 26 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली सरकार के पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. राकेश सिंह के मुताबिक लाल किला परिसर में कुछ दिन पहले 15 कौवे मृत पाए गए थे। एक नमूने को जांच के लिए भोपाल और जालंधर भेजा गया गया था जिसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार पशुपालन विभाग की टीम लगातार पार्कों में निगरानी बनाए हुए हैं और अधिक से अधिक सैंपल इकट्ठा कर रही है। एक अधिकारी के अनुसार, गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर वैसे भी लाल किला 22 जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक बंद रहता है। हालांकि, इसे अब 19 जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा।
26 जनवरी के बाद भी लाल किला को बंद रखने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस तरह के कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं। यदि ऐसी स्थिति बनती है तो इसके लिए जिलाधिकारी संबंधित इलाके को संक्रमित घोषित कर बंद रखने के निर्देश जारी करेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली चिड़ियाघर में भी एक उल्लू व कबूतर में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है।