सबसे पहले अंडरवर्ल्ड से जुड़े सोशल नगर, मुंबई महाराष्ट्र निवासी जान मोहम्मद शेख उर्फ समीर कालिया (47) को राजस्थान के कोटा के पास से गिरफ्तार किया गया। जान मोहम्मद दिल्ली आ रहा था। इसके बाद ओखला जामिया नगर निवासी ओसामा उर्फ समी (22) को ओखला, दिल्ली से पकड़ा गया। इसके बाद बहराइच यपू निवासी मोहम्मद अबू बकर (23) को सराय काले खां, दिल्ली से, कारेली, इलाहाबाद यूपी निवासी जीशान कमर (28) को इलाहाबाद, यूपी से, बकशिका लखनऊ, यूपी निवासी मोहम्मद आमिर जावेद (31) को लखनऊ, यूपी से और राय बरेली, यूपी निवासी मूलचंद उर्फ साजू उर्फ लाला (47) को रायबरेली, यूपी से पकड़ा गया है।
इस ऑपरेशन में यूपी एएटीएस ने दिल्ली पुलिस का साथ दिया है। ओसामा व जीशान अप्रैल में पाकिस्तान ट्रेनिंग लेने गए थे। इन्होंने विस्फोटक बनाना व हथियार चलाना सीखा था। पूछताछ में पता चला है कि इस मॉड्यूल को एक स्लीपर सेल के संचालक से आरडीएक्स आधारित आईईडी, ग्रेनेड, पिस्तौल और कारतूस प्राप्त हुए थे और इन्हें सुरक्षित छिपाने के लिए यूपी भेजा गया था।
इसके बाद, अंडरवर्ल्ड ऑपरेटिव जन मोहम्मद शेख उर्फ समीर कालिया के साथ मूलचंद उर्फ साजू उर्फ लाला को पाक स्थित अनीस इब्राहिम ने दिल्ली में इसे प्राप्त करने का काम सौंपा। इन्हें दिल्ली और मुंबई और देश के अन्य हिस्सों में अन्य आतंकी गुर्गों को सौंपा जाना था। पाक-आईएसआई व अंडरवर्ल्ड अलग घटक हैं। दिल्ली पुलिस ने सभी आतंकियों को 14 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।