गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को लेकर उत्तर पश्चिम जिला पुलिस पूरी तरह से चौकस है। पिछले दो माह से पुलिस लगातार आतंक विरोधी उपायों को चलाकर आतंकियों के मंसूबे नाकाम करने में जुटी है। पुलिस करीब 66 हजार लोगों से संपर्क किया है और करीब 20 हजार किराएदार और घरेलू सहायकों का सत्यापन कर चुकी है।
इस दौरान सरकारी आदेश का उल्लंघन करने वाले मकान मालिकों, सिम डीलरों, साइबर कैफे मालिकों, प्रॉपर्टी डीलरों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।
जिला पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर जिले की पुलिस सुरक्षा को लेकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पैदल और मोबाइल गश्त को तेज कर दिया गया है और मौजूदा पुलिस पिकेट की संख्या बढ़ाकर अप्रिय घटना को रोकने की हर संभव कोशिश की जा रही है।
आतंकवाद विरोधी उपायों के तहत पुलिस की तैनाती में वृद्धि के साथ साथ महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की गहन जांच, होटल, गेस्ट हाउस, सिम कार्ड बेचने वालों, पुराने कार को बेचने वाले डीलरों, साइबर कैफे मालिकों, पार्किंग संचालकों को संवेदनशील बनाया जा रहा है। इलाके में नौकरों और किराएदारों के सत्यापन के अभियान चलाए जा रहे हैं।