नई दिल्ली। वसंत विहार पुलिस ने दो गिरोह के दस बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी गैंगवार को टाल दिया जिसमें कई हत्याएं हो सकती थीं। इनके बीच शुक्रवार व उससे पहले गैंगवार होने वाली थी। गिरफ्तार बदमाश किशोर और किशन चपटी गिरोह के हैं। ये बदमाश एक-दूसरे को ढूंढ रहे थे। पुलिस ने इनसे नौ कट्टे, एक पिस्टल, 28 कारतूस, कट्टे बनाने का सामान और चोरी की एक कार बरामद की है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि गैंगवार को टालने के लिए वसंत विहार थानाध्यक्ष रविशंकर ने अपनी टीम के साथ सोची समझी योजना के तहत काम किया। टीम ने वसंत विहार इलाके के हिस्ट्रीशीटर कमल व किशोर के दो साथियों राहुल व अजय को 23 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। वह हाल ही में जेल से बाहर आए किशन उर्फ चपटी की हत्या की साजिश रच रहे थे।
इन्होंने उस समय पुलिस टीम पर गोली चला दी थी। इसके बाद एसआई अशोक कुमार की टीम ने किशोर गैंग के बदमाशों की हत्या करने जा रहे बदमाशों में से एक सुमित उर्फ काकू को चार जनवरी को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने चपटी गैंग के प्रशांत और विशाल को हथियारों के साथ छह जनवरी को गिरफ्तार किया।
इनसे पूछताछ करने के बाद चपटी गैंग के सरगना किशन उर्फ चपटी, शिव कुमार और सुमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोर गिरोह के कमल, किशोर, राहुल, अजय और चपटी गिरोह के किशन उर्फ चपटी, सुमित, प्रशांत उर्फ अक्कू, विशाल, सुमित और शिव कुमार को गिरफ्तार किया है। किशन उर्फ चपटी हत्या के केस में पैरोल पर बहार आया हुआ है।