दक्षिण जिले की हौजखास थाना पुलिस ने मात्र 30 रुपये लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के दो साथी भी पकड़े गए हैं। उनसे पूछताछ हो रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दे चुका है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़ित अभिषेक यादव (22) अपने दोस्त के साथ आठ फरवरी को हौजखास में पार्क में बैठा हुआ था। तभी चार-पांच युवक पार्क में आए और अभिषेक को कोने में ले गए। एक आरोपी ने चाकू दिखाकर अभिषेक से उसका मोबाइल व 30 रुपये लूट लिए।
मामला दर्जकर हौजखास थाना पुलिस ने जांच शुरू की। हौजखास पुलिस ने एक आरोपी सावित्री नगर निवासी प्रेम बहादुर को शाहपुर जाट डीडीए पार्क से नौ फरवरी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम बहादुर ने बताया कि उसने अपने दोस्तों के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इसके दो साथियों को भी पकड़ा है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी। उनकी वारदात में भूमिका सामने आने के बाद ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।