नई दिल्ली। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने रकम दोगुनी करने के नाम पर निवेशकों से करोड़ों की ठगी करने वाले जालसाज को दबोचा है। आरोपी अरुण अग्निहोत्री ने साल 2017 में एक कंपनी शुरू कर निवेशकों को अपने जाल में फंसाया था। शुरुआती दिनों में उसने कुछ लोगों को रकम दोगुनी कर दी थी, लेकिन जब उस पर निवेशकों ने विश्वास कर लिया तब वह रकम ठग कर गायब हो गया था।
ज्वाइंट सीपी ईओडब्ल्यू डॉ ओपी मिश्रा ने बताया कि आरोपी अरुण अग्निहोत्री (38) चंदन विहार, पश्चिमी संत नगर का रहने वाला है। उसने साल 2017 में ग्रेट इंडिया एक्सपो नाम से कंपनी शुरू कर दी। आरोपी ने निवेशकों को झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूली। इसके बाद 130 से अधिक लोगों से ठगी करने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश के लिए सर्विलांस का सहारा ले रही थी।
इसी दौरान मंगलवार को आरोपी की लोकेशन उसके घर के पास ही मिली, जिसे पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ कर उससे ठगी की रकम की जानकारी जुटाई जा रही है। जिन लोगों से उसने ठगी की उनका विवरण एकत्र किया जा रहा है।