दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2021-22 में नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में 75 फीसदी ओपन सीट (सामान्य) पर दाखिले के लिए पहली सूची आज जारी होगी। साथ ही प्रतीक्षा सूची भी जारी की जाएगी। अभिभावक स्कूल की वेबसाइट पर यह सूची देख सकेंगे। इसकेबाद अभिभावकों को फीस जमा कराकर बच्चे के लिए सीट पक्की करनी होगी।
यदि पहली सूची से किसी अभिभावक को कोई परेशानी है या कोई शंका है तो वह 22-23 मार्च तक स्कूल से अपनी शंका का समाधान कर सकते हैं। उसके बाद 25 मार्च को दूसरी सूची जारी होगी। नर्सरी दाखिले से जुड़े विशेषज्ञों की सलाह है कि पहली सूची में जिस भी स्कूल में नाम आए, वहां सीट जरुर पक्की करें। वहीं कुछ स्कूलों ने बृहस्पतिवार को लॉटरी के रिजल्ट जारी करने शुरू कर दिए। वहीं एक दो स्कूलों ने बृहस्पतिवार को ही अपनी पहली सूची जारी कर दी। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रतीक्षा सूची में पहले आओ पहले पाओ के आधार पर बुला रहे हैं।
नर्सरी एडमिशन डॉट कॉम प्रमुख सुमित वोहरा कहते हैं कि पहली सूची में यदि किसी अभिभावक के बच्चे का नाम ना आए तो उन्हें निराश नहीं होना चाहिए। उन्हें दूसरी सूची में दाखिला मिल सकता है। दरअसल कई बच्चों का एक स्कूल से ज्यादा स्कूल में नाम आ जाता है। ऐसे में अभिभावक केवल एक स्कूल की ही सीट पक्की करते हैं। इससे कई स्कूलों में दूसरी लिस्ट में दाखिले की जगह बन जाती है।
अभिभावकों को दूसरी सूची का इंतजार करना चाहिए। वहीं अभिभावक इस बात का भी ध्यान रखें कि किसी एक स्कूल में फीस जमा कराने पर वहां से फीस रिफंड में समय लग सकता है। लिहाजा दो स्कूलों की फीस जितनी राशि की व्यवस्था करके रखें।