द्वारका नार्थ इलाके में बेसमेंट के निर्माण के दौरान मिट्टी का एक हिस्सा गिरने से उसके नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही राहत बचाव दल मौके पर पहुंची और मिट्टी के ढेर के नीचे दबे मजदूर को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा के मुताबिक मृतक की पहचान शेख अंगर (34) के रूप में हुई है। घटना के बाद वहां काम कर रहे सभी मजदूर व अन्य लोग फरार हो गये। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक सेक्टर 12 के एक प्लॉट में बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था।
दोपहर में अचानक एक हिस्से की मिट्टी भरभराकर वहां काम कर रहे शेख अंजर के उपर गिर गया। घटना के बाद वहां मौजूद सभी लोग वहां से भाग खड़े हुए। आस पास के लोगों ने जानकारी मिलने के बाद पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व निगम की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव का काम शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद मिट्टी के ढेर में दबे मजदूर को बाहर निकला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है कि बेसमेंट की खुदाई किसके द्वारा करवायी जा रही थी और इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।