कोरोना काल में दिल्ली में मौतों का आंकड़ा किस कदर बढ़ा है, इसका अंदाजा निगमों में मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आने वाले आवेदनों से लगाया जा सकता है। कोविड से पहले हर माह दो से ढाई हजार लोग मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए पंजीकरण कराते थे। वहीं, पिछले तीन माह में यह आंकड़ा आठ से 10 हजार तक पहुंच गया। हालांकि इनमें कोविड और नोन कोविड मृत्य के आंकड़े शामिल हैं।
नगर निगमों में लोग कोविड व नॉन कोविड दोनों को लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर रहे हैं। आंकड़ों को देखा जाए तो फरवरी से यह ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि अप्रैल में ही तीनों निगमों में 10,752 लोगों ने मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है। हालांकि दिल्ली सरकार के मुताबिक, अप्रैल में कोविड से मरने वालों की संख्या 5,325 ही है। वहीं, मार्च में 8,168 व फरवरी में 8,498 लोगों ने मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया।
पूर्वी निगम के आंकड़ों पर गौर करें तो अप्रैल में 2,231 व जनवरी से लेकर मार्च तक 6,493 लोगों ने प्रमाण पत्र के लिए पंजीकरण किया है। इनमें से 2,849 दक्षिणी जोन व 3,644 उत्तरी जोन में पंजीकरण हुए हैं। वहीं, 3,270 लोगों का 21 दिनों के भीतर व 3,223 लोगों का देरी से पंजीकरण हुआ है। दक्षिणी जोन में अप्रैल में 3,351, मार्च में 3,173 व फरवरी में 3,297 लोगों का मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए पंजीकरण हुआ है। इसके अलावा उत्तरी जोन में सबसे ज्यादा लोगों ने पंजीकरण किया है।
अप्रैल में 5,170, मार्च में 4,995 व फरवरी में 8,498 लोगों का पंजीकरण हुआ है। निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोरोना से पहले पूरी दिल्ली में मृत्यु प्रमाण प्रमाण के लिए प्रतिदिन दो से ढाई हजार आवेदन आते थे, लेकिन अब प्रत्येक निगम में ही आंकड़ा तीन हजार तक पहुंच रहा है। इसमें कुछ पंजीकरण ऐसे भी होते हैं, जिनकी मृत्यु पहले हो जाती है, लेकिन कई बार देरी होने पर उन्हें महीने भर बाद प्रमाण पत्र जारी किया जाता है।
अधिकतर लोग करते हैं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन
निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए अधिकतर लोग आवेदन करते हैं। क्योंकि, मृत्यु प्रमाण पत्र के जरिए एक्सिडेंटल क्लेम, विधवा पेंशन व बीमा आदि का लाभ मिल जाता है। वहीं, कोरोना महामारी में लोगों की हालत पहले ही खराब हो चुकी है। इसलिए दिल्ली में दूर दराज बसे गांवों से भी लोग पंजीकरण करवा रहे हैं।
निगम वार मृत्य प्रमाण पत्र के लिए पंजीयन
निगम अप्रैल मार्च फरवरी
उत्तरी निगम 5170 4995 5201
दक्षिणी निगम 3351 3173 3297
पूर्वी निगम 2231 ---- ---
नोट: जनवरी से मार्च के बीच पूर्वी निगम में 6493 प्रमाण पत्र जारी हुए ।
दिल्ली सरकार के कोविड से मौत के आंकड़े
जनवरी 320
फरवरी 55
मार्च 125
अप्रैल 5,325