नई दिल्ली के पांच सितारा होटल में मॉडल युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हैदराबाद की रहने वाली 22 वर्षीय मॉडल का आरोप है कि मुंबई के कारोबारी युवक ने घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम मुंबई भेजी गई है।
पुलिस के मुताबिक, युवती दक्षिण भारत में मॉडलिंग करती है और उसकी कारोबारी युवक से जान-पहचान है। युवती ने चाणक्यपुरी थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि मुंबई में रहने वाला युवक अपने पिता व एक रिश्तेदार के साथ दिल्ली आया था। युवती को भी उसने किसी काम से दिल्ली बुला लिया।
आरोपी ने युवती को पहले खान मार्केट बुलाया, जहां उन्होंने नाश्ता किया। इसके बाद वह युवती को लेकर चाणक्यपुरी इलाके में स्थित पांच सितारा होटल में चला गया। आरोप है, वहां आरोपी ने युवती के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। युवती चिल्लाई तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पहले बुलाई थी दोस्त के घर
युवती का कहना है कि आरोपी ने उसे 30 जनवरी को मैसेज कर कहा था कि वह शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली आएगा। तब वह उससे मिलेगा। उसने युवती को मिलने के लिए अपने दोस्त के घर बुलाया, लेकिन पीड़िता ने इनकार कर दिया था। 20 फरवरी को युवती आरोपी के कहने पर दिल्ली आ गई। उसी दिन उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मेडिकल जांच में युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। बृहस्पतिवार शाम तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था।