दिल्ली- एनसीआर में कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए 39 फीसदी लोगों में संकोच पाया गया है। प्रत्येक पांच में से एक व्यक्ति ने वैक्सीन लगवाने के लिए हामी नहीं भरी है। यह जानकारी थिंक टैंक संस्था एनसीएईआर द्वारा कराए गए टेलिफोनिक सर्वे में पता लगी है।
दिल्ली- एनसीआर कोरोनावायरस टेलीफोन सर्वे के चौथे चरण से पता चला कि क़रीब 20 फ़ीसदी लोग वैक्सीन लगवाने के सीधे तौर पर समर्थन में नहीं थे। इनमें से 22.4 फ़ीसदी ग्रामीण और 17.5 फ़ीसदी शहरी इलाकों के लोग शामिल थे। वहीं, करीब चार फ़ीसदी लोगों का कहना था कि वह कोरोना से पहले ही पीड़ित हो चुके हैं। ऐसे में वे वैक्सीन नहीं लगवाएंगे, जबकि 15 फ़ीसदी लोगों वैक्सीन लगवाने के लिए अनिश्चित थे।
इन तीनों वर्गों को मिलाकर करीब 39 फ़ीसदी लोगों ने वैक्सीन लगवाने में संकोच जताया है। टेलिफोनिक सर्वे का चौथा राउंड गत 23 दिसंबर 2020 से 4 जनवरी 2021 तक किया गया था। इसमें ग्रामीण व शहरी इलाकों से 3168 प्रतिक्रिया प्राप्त हुई थी। 16 जनवरी से देश भर में सबसे बड़ा वैक्सीन अभियान शुरू किया गया है।